स्वतंत्र पत्रकारिता और ताज़ा खबरों के लिए मिल्लत टाइम्स ऐप से जुड़ें।
ऐप मौजूद है तो खुलेगा, वरना Google Play खुलेगा।बिहार: सीवान जिले में बुधवार रात एक दुकानदार की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने पहले सामान खरीदने को लेकर विवाद किया और फिर दुकानदार नदीम अंसारी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इसके बाद आरोपियों ने दुकान को बाहर से बंद कर दिया और मौके से फरार हो गए। इस घटना में 25 वर्षीय नदीम की मौत हो गई।
मृतक की पहचान तरवारा थाना क्षेत्र के अलावल टोला निवासी जलील अंसारी के बेटे नदीम अंसारी के रूप में हुई है। हैरानी की बात यह है कि वारदात तरवारा थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई।
सामान के पैसे मांगने पर हुआ विवाद
ग्रामीणों के मुताबिक, नदीम थाना के सामने अपनी दुकान चलाते थे। बुधवार रात कुछ युवक दुकान पर सामान खरीदने पहुंचे। जब नदीम ने उनसे सामान के पैसे मांगे तो युवकों ने भुगतान करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि इसी दौरान एक युवक बाजार से पेट्रोल लेकर आया। इसके बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर नदीम पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और उन्हें दुकान के अंदर बंद कर बाहर से ताला लगा दिया। सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
दुकान से आग की लपटें उठती देख पहुंचे लोग
दुकान से आग की लपटें उठती देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी वहां पहुंची।
आग पर काबू पाने के बाद दुकान का दरवाजा तोड़कर अंदर से नदीम का शव बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। गुरुवार सुबह पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
शव सड़क पर रखकर ग्रामीणों का प्रदर्शन
नदीम की मौत से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने सीवान-पटना मुख्य मार्ग पर तरवारा पुल के पास शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान लोगों ने सड़क जाम करने के साथ आगजनी भी की, जिससे करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा।
प्रदर्शनकारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और जिला प्रशासन को मौके पर बुलाने के साथ सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सड़क जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
दो घंटे बाद पहुंचे अधिकारी, कार्रवाई का आश्वासन
करीब दो घंटे बाद सदर एसडीओ आशुतोष गुप्ता और सदर-1 एसडीपीओ प्रांजल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त कराया गया।
एसडीपीओ प्रांजल ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
मृतक नदीम अंसारी की पत्नी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर 6 से अधिक लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। फिलहाल, इस घटना से इलाके में आक्रोश का माहौल है। परिजन और ग्रामीण नदीम की मौत के जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Support Independent Media
Click Here and Join the Membership of Millat Times to Support Independent Media.
Support Millat Times