स्वतंत्र पत्रकारिता और ताज़ा खबरों के लिए मिल्लत टाइम्स ऐप से जुड़ें।
ऐप मौजूद है तो खुलेगा, वरना Google Play खुलेगा।बिहार के मधेपुर में मवेशी व्यापारियों के साथ मारपीट और लूटपाट का गंभीर मामला सामने आया है। घटना 19 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। आरोप है कि मवेशियों को लेकर लूफा हाट जा रहे पांच व्यापारियों को 25 से 30 लोगों ने रास्ते में घेर लिया और उनसे पैसे की मांग की।
पीड़ितों की पहचान शमसुद्दीन (55), कलीम खान (45), मोहम्मद इरशाद, कारी (ड्राइवर) और राम कुमार के रूप में हुई है। सभी सरोजा बेला के निवासी बताए जा रहे हैं और लंबे समय से मवेशियों की खरीद-बिक्री का काम करते हैं।
पहले पैसे मांगे, फिर बेरहमी से मारपीट
पीड़ित व्यापारियों के मुताबिक, आरोपियों ने पहले उनसे 5,000 रुपये मांगे। व्यापारियों का आरोप है कि पैसे देने के बावजूद उनके साथ मारपीट-गाली गलौज की गई। इसके बाद उनसे 50,000 रुपये की और मांग किए जाने और नगदी छीनने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़ितों ने शुक्ला और अजीत चौधरी नाम को इस घटना का मुख्य आरोपी बताते हुए आरोप लगाया है कि उनके साथ 25 से 30 लोग मौजूद थे।
मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया वायरल
इस घटना का एक और गंभीर पहलू सामने आया है। आरोप है कि व्यापारियों के साथ मारपीट करने के दौरान वीडियो भी बनाया गया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
पीड़ितों के मुताबिक, वे गरीब परिवारों से आते हैं और वर्षों से मवेशियों को हाट में ले जाकर बेचने का काम करते हैं। इसी कारोबार से उनके परिवारों का गुजारा चलता है। ऐसे में उनके साथ हुई कथित मारपीट और वीडियो वायरल किए जाने की घटना ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है।
गंभीर चोटों के बाद चल रहा इलाज
बताया जा रहा है कि मारपीट में पांचों व्यापारियों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद पीड़ितों और उनके परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शुक्ला, अजीत चौधरी और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही मवेशी व्यापारियों को सुरक्षा देने की भी अपील की गई है।
Support Independent Media
Click Here and Join the Membership of Millat Times to Support Independent Media.
Support Millat Times