बिहार में होगा महागठबंधन सरकार का शपथ ग्रहण, नीतीश फिर बनेंगे मुख्यमंत्री

admin

admin

09 August 2022 (Publish: 03:37 PM IST)

नई दिल्ली, बिहार में कल दोपहर 2 बजे आरजेडी-जेडीयू के नेतृत्व में महागठबंधन सरकार का शपथ ग्रहण होगा। नीतीश कुमार कल एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

चर्चा है कि तेजस्वी यादव राज्य के उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। मंगलवार को नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव और महागठबंधन के नेताओं के साथ मिलकर बिहार में नई सरकार बनाने का दावा पेश किया। राज्यपाल को सौंपी गई चिट्ठी में 164 विधायकों समर्थन है। इसमें सात दलों के विधायक शामिल है।

सरकार बनाने का दावा पेश करने के बाद नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत की। संयुक्त वार्ता में नीतीश कुमार ने कहा, “मैं यहां राज्यपाल से मिलने आया और अपना इस्तीफा दे दिया कि बिहार की सेवा करना ही हमारा एजेंडा है।  हमारे पास सात दलों का समर्थन है। इसमें लेफ्ट और जीतन राम मांझी की पार्टी भी शामिल है। नीतीश कुमार ने बिना आरसीपी सिंह का नाम लिए बीजेपी पर भी निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि जब मैं भाजपा के साथ गठबंधन में शासन कर रहा था, उनके नेता बहुत सी बातें कह रहे थे, जो मुझे अच्छी नहीं लगी। इसलिए मैंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।” “अब, हम महागठबंधन के साथ सरकार बनाएंगे और हमारे पास 165 विधायकों का समर्थन है। महागठबंधन में 7 राजनीतिक दल शामिल हैं। इसलिए हम बिहार में सात दलों के समर्थन से सरकार चलाएंगे।” उन्होंने कहा, “हमने बिहार में नई सरकार बनाने के लिए राज्यपाल फागू चौहान के समक्ष दावा पेश किया है। हमने उनके सामने 165 विधायकों की सूची भी सौंपी है।”

वहीं तेजस्वी यादव ने कहा, “भाजपा का कोई गठबंधन सहयोगी नहीं है, इतिहास बताता है कि भाजपा उन दलों को नष्ट कर देती है जिनके साथ वह गठबंधन करती है। हमने देखा कि पंजाब और महाराष्ट्र में क्या हुआ। बिहार में जो भी हो रहा था वो किसी से छुपा नहीं था। जनता विकल्प चाहती है, बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं मिला। नीतीश कुमार ने अपना काम किया, इन्होंने प्रधानमंत्री के सामने ये मांग रखी लेकिन इनकी मांग को नहीं माना गया। आज भाजपा को छोड़कर बिहार विधानसभा के सभी दलों और सदस्यों ने नीतीश कुमार को अपना नेता मान लिया है।

उन्होंने कहा कि बिहार ने देश को दिशा दिखाने का काम किया है कि जो जनता के लिए लड़ता है, जनता उसे स्वीकार करती है। जनता विकल्प चाहती है। उन्होंने नीतीश कुमार के महागठबंधन के साथ आने पर धन्यवाद दिया। पहले के बयानों, आरोपों के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि हमलोग चाचा, भतीजा है। एक परिवार में थोड़ी बहुत लड़ाई होती रहती है।

तेजस्वी ने नीतीश कुमार और महागठबंधन के अन्य नेताओं के साथ राजभवन से लौटने के बाद कहा, “भाजपा जद-यू के खिलाफ साजिश कर रही थी और नीतीश कुमार को कमजोर करने की कोशिश कर रही थी। भाजपा ने महाराष्ट्र और पंजाब में भी ऐसा ही किया और बिहार में जेडी-यू को नष्ट करने के लिए ऐसा ही कर रही थी। उन्होंने साहसिक निर्णय लिया और एनडीए छोड़ दिया।” “हम समाजवादी लोग हैं और हम अपनी विरासत को आगे बढ़ाने में सक्षम हैं। हम अतीत में जाति आधारित जनगणना जैसे कई मुद्दों पर एकजुट हैं।

 

 

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top