बंगाल:मोदी-नीतीश-जगन के बाद,अब ममता के लिए काम करेंगे प्रशांत किशोर

admin

admin

06 June 2019 (Publish: 02:25 PM IST)

मिल्लत टाइम्स,नई दिल्ली:राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर अब तृणमूल कांग्रेस चीफ ममता बनर्जी के स्ट्रैटजिस्ट होंगे। किशोर ने गुरुवार को बंगाल की मुख्यमंत्री ममता से मुलाकात की। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, दोनों के बीच सहमति बन गई है और किशोर एक महीने बाद काम शुरू कर देंगे। हालांकि, किशोर पिछले साल सितंबर में जदयू में शामिल हो गए थे।

हाल ही में हुए आंध्र के विधानसभा चुनाव में वाईएसआर की चुनावी रणनीति प्रशांत किशोर ने ही तैयार की थी। जगन मोहन रेड्डी (46) की पार्टी को 175 में से 151 सीटें मिलीं। जगन ने तेदेपा के चंद्रबाबू नायडू को हराया और मुख्यमंत्री बने।

2014 में मोदी के रणनीतिकार रहे थे प्रशांत

प्रशांत किशोर ने 2012 गुजरात चुनाव में मोदी के लिए काम किया। हालांकि, उनका नाम देश में चर्चित तब हुआ, जब 2014 के आम चुनाव में उन्होंने भाजपा के चुनावी अभियान का जिम्मा संभाला। इन चुनावों में भाजपा ने पहली बार पूर्ण बहुमत हासिल किया। पार्टी को 282 सीटें मिलीं। यह पहली बार था कि किसी गैर-कांग्रेसी पार्टी ने पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई।

बिहार में नीतीश का चुनाव अभियान संभाला
बिहार में 2015 विधानसभा चुनाव में किशोर ने नीतीश कुमार का चुनावी अभियान संभाला। इन चुनावों में नीतीश को 71 सीटें मिली थीं। बताया जाता है कि किशोर ने ही रणनीति, अभियान और गठबंधन की योजना को अंजाम दिया था। चुनाव जीतने के बाद नीतीश ने किशोर को अपना सलाहकार बनाया था ताकि चुनाव के वक्त जिस 7 सूत्रीय एजेंडा को लागू करने का वादा किया गया है, उसे अंजाम दिया जा सके।

यूपी में कांग्रेस को सफलता नहीं दिलवा पाए
2017 में पंजाब और उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में किशोर ने कांग्रेस के लिए रणनीति तैयार की। हालांकि, उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को महज 7 सीटें मिली थीं। यहां किशोर की रणनीति पर जो भरोसा पार्टी ने जताया था, वैसे नतीजे सामने नहीं आए। हालांकि, पंजाब में 117 सीटों में से कांग्रेस को 77 सीटों पर जीत मिली और पार्टी ने सरकार बनाई।

Support Independent Media

Click Here and Join the Membership of Millat Times to Support Independent Media.

Support Millat Times
Scroll to Top