विपक्ष ने किया पीएम पद के लिए राहुल का समर्थन,स्टालिन बोले-2019 में मोदी को मिलकर हराएंगे

admin

admin

16 December 2018 (Publish: 04:37 PM IST)

मिल्लत टाइम्स,नई दिल्ली: अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों से पहले रविवार को एक बार फिर विपक्ष की एकजुटता देखने को मिली। तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके नेता एम. करुणानिधि की मूर्ति के अनावरण के मौके पर यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, केरल के सीएम पी. विजयन समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।

इस दौरान डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने प्रधानमंत्री पद के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की उम्मीदवारी का समर्थन करने का एलान किया। स्टालिन ने कहा कि राहुल गांधी में काबिलियत है कि वह फासिस्ट मोदी सरकार को हरा सकते हैं। मोदी सरकार ने पांच वर्षों के दौरान देश को 15 साल पीछे धकेल दिया है। अगर हम उन्हें दोबारा मौका देंगे तो देश 50 साल पीछे चला जाएगा। पीएम मोदी राजा की तरह व्यवहार करते हैं, इसलिए हम सब एक साथ आएं और मिलकर देश और लोकतंत्र को बचाएं।

देश की संस्थाओं को बर्बाद नहीं करने देंगे: राहुल
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हम मोदी सरकार को सुप्रीम कोर्ट, चुनाव आयोग और आरबीआई जैसे संस्थानों को बर्बाद नहीं करने देंगे। करुणानिधि ने देश की संस्थाओं की रक्षा की थी, लेकिन अब केंद्र में ऐसी सरकार है, जो तमिलनाडु और देश की आवाज को दबा रही है। हम लोग एक साथ मिलकर आने वाले चुनावों में भाजपा को हराने जा रहे हैं।

‘हम देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और भारत के विचारों को नष्ट करने वाली राजनीतिक शक्तियों से मिलकर लड़ेंगे। भाजपा को हराने के लिए कांग्रेस और डीएमके के इरादे मजबूत हैं।’ – सोनिया गांधी, यूपीए अध्यक्ष

‘लोगों ने भाजपा सरकार को चुना और सभी संस्थाएं बर्बाद हो गईं। सरकार सीबीआई का दुरुपयोग कर रही है। सीबीआई प्रमुख को हटा दिया जाता है। आरबीआई गवर्नर इस्तीफा देते हैं। संघवाद नष्ट हो गया।’ – चंद्रबाबू नायडू, मुख्यमंत्री, आंध्र प्रदेश

सोनिया गांधी ने किया प्रतिमा का अनावरण
इससे पहले, डीएमके मुख्यालय पर सोनिया गांधी ने करुणानिधि की कांस्य की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान अभिनेता रजनीकांत, भाजपा नेता और अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा, पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणस्वामी समेत कई दिग्गज नेता और कलाकार मौजूद रहे।

Scroll to Top